13 नवंबर को सीडीएलयू में होगी जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद भाषण प्रतियोगिता

 
13 नवंबर को सीडीएलयू में होगी जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद भाषण प्रतियोगिता

सिरसा, 

मेरा युवा भारत, सिरसा द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति समझ और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से 13 नवंबर को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता विकसित भारत युवा संसद के तहत आयोजित होगी।

जिला युवा अधिकारी धनपत ने बताया कि प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपने विचार रखने और राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागी नशे की समस्या के सामाजिक प्रभावों और इससे बचाव के उपायों पर अपने विचार रख सकेंगे। इस तरह के आयोजन युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें एक स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।