उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को नियमों की पालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
हिसार, 07 अक्टूबर।
उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय शेल्टर हाउस मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक लघु सचिवालय परिसर स्थित वीसी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित शेल्टर हाउसों की स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण मानकों तथा संबंधित विभागों द्वारा की जा रही निगरानी को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में संचालित शेल्टर हाउसों में निर्धारित नियमों एवं मानकों की पालना हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शेल्टर हाउसों में स्वच्छता, साफ-सफाई, अपशिष्ट के उचित निस्तारण तथा पर्यावरण संबंधी निर्धारित मानकों की नियमित रूप से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेल्टर हाउसों की नियमित मॉनिटरिंग करें और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को निर्धारित समयावधि में दूर करवाना सुनिश्चित करें। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बैठक में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, एचएसवीपी, श्रम विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित नगर परिषद/नगरपालिका के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने शेल्टर हाउसों से संबंधित नवीनतम रिपोर्ट एवं विभागीय कार्रवाई की जानकारी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने कहा कि शेल्टर हाउसों के संचालन में निर्धारित स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संबंधी प्रावधानों का पालन करवाना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सी जयाश्रद्घा, नगराधीश रोहित कुमार, सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, जिला कल्याण अधिकारी दीपिका सारसर, एसडीओ डॉ सही राम, एईई कपिल सैनी, जिला नगर योजनाकर दिनेश सिंह, एक्सइएन जयवीर सिंह, निगम से एसआई कपिल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
