शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय डीएलएसए चेयरमैन सुश्री अलका मलिक के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सचिव-कम-सीजेएम अशोक कुमार जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ सत्येंद्र, डिप्टी एलडीसीएस तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीजेएम अशोक कुमार ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके सराहनीय कार्यों एवं योगदान के लिए सम्मानित किया तथा एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट वितरित किए। इस अवसर पर विद्यालयों में लीगल लिटरेसी क्लब के इंचार्ज, कोऑर्डिनेटर, लीगल एड से जुड़े शिक्षक एवं अन्य शिक्षकगण को कानूनी साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रमों के सफल आयोजन में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को भविष्य में भी विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा कानूनी साक्षरता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर सहयोग एवं सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की गई।
