जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा 14 विद्यालयों में बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
फरीदाबाद, 31 अक्टूबर।
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा “सुरक्षित बचपन अभियान” (जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण – हर बच्चे का अधिकार) के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान जगदीप सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन तथा जितेन्द्र सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत फरीदाबाद जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में कुल 14 जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-21डी, फरीदाबाद तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-7, फरीदाबाद में आयोजित दो विशेष शिविर भी शामिल रहे।
अभियान के दौरान बच्चों को छह प्रमुख विषयों पर जानकारी दी गई:
मेरा बचपन, मेरा अधिकार – बच्चों के अधिकारों एवं उनके संरक्षण के बारे में जानकारी।
कानून जानो, बचपन बचाओ – बच्चों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी।
सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन – इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूकता।
बोलो, बताओ, बचाओ – किसी भी प्रकार के शोषण या गलत व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना।
ना बाल विवाह, ना बाल शोषण – बाल विवाह एवं बाल शोषण के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना।
जागरूक बचपन, सशक्त भारत – बच्चों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना।
शिविरों के दौरान बच्चों को विशेष रूप से लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012, बाल अधिकारों, बाल विवाह निषेध कानून तथा बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि यदि उनके साथ कोई गलत व्यवहार होता है तो वे बिना किसी डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें तथा आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करें।
इन जागरूकता शिविरों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ताओं तथा न्यायिक मजिस्ट्रेटों द्वारा बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में कानूनी जानकारी प्रदान की गई। अभियान में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रेरणा आर्य, सिद्धार्थ कपूर, दीपक यादव, यतन क्वात्रा, उपासना दहिया, रमनीक कौर, रजत कुमार कनोजिया, हिमानी सागर, सुश्री जिज्ञासा शर्मा, दीपाली सिंगला, उदिता एवं डॉ. सारिका ने भाग लेकर बच्चों को जागरूक किया।
साथ ही बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के शोषण अथवा अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा बच्चों के सुरक्षित भविष्य, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा उन्हें कानूनी रूप से जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
