पीएनडीटी कमेटी ने छापेमारी कर हिसार और हांसी में अवैध भ्रूण लिंग जांच मशीनें सील की
हिसार,
लघु सचिवालय परिसर स्थित वीसी सभागार में वीरवार को पीएनडीटी एक्ट के तहत उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न एजेंडों बारे उपायुक्त को अवगत करवाया।
उपायुक्त ने बैठक में जिले में लिंगानुपात में सुधार लाने और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि भ्रूण लिंग जांच या अवैध गर्भपात से जुड़े मामलों की सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से एक लाख रुपये तक का नकद इनाम देने का प्रावधान है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उपायुक्त महेंद्र पाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे भ्रूण लिंग जांच जैसी गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। बैठक में उपायुक्त को अवगत करवाया गया कि हाल ही में पीएनडीटी कमेटी द्वारा हिसार और हांसी जिले के विभिन्न निजी अस्पतालों में छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड मशीनों को सील करवाया गया।
बैठक में एसीयूटी विवेक यादव, सिविल सर्जन डॉ सपना गहलावत, सीएमजीजीए अमोल, पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ अनामिका बिश्रोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
