प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन सख्त, विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

 
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन सख्त, विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

डीसी वर्षा खांगवाल ने ग्रैप-1, 2 और 3 के सभी प्रावधानों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर प्रतिबंध, स्टोन क्रशर व खनन गतिविधियां रहेंगी बंद

सड़कों की धूल, खुले में कचरा जलाने और पराली जलाने की घटनाओं पर रहेगी कड़ी निगरानी

झज्जर, 

राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण (ग्रैप-3) को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। इसके तहत पहले से लागू ग्रैप-1 और ग्रैप-2 के उपायों के साथ ग्रैप-3 के सभी प्रावधानों की भी सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी। डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला के सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

निर्माण एवं ध्वस्तीकरण गतिविधियों पर प्रतिबंध, खनन कार्यों पर भी रहेगी रोक
डीसी वर्षा खांगवाल ने निर्देश दिए कि ग्रैप-3 के तहत निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से संबंधित प्रतिबंधित गतिविधियों पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों को बंद रखने के निर्देशों की भी प्रभावी अनुपालना करवाई जाए। संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें।

सड़कों की धूल और खुले में कचरा जलाने पर रखें विशेष निगरानी
डीसी ने संबंधित विभागों को सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने, खुले में कचरा एवं अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने तथा प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने और पर्याप्त कर्मचारियों एवं मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लागू प्रावधानों के अनुसार वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की जाए। वहीं, फसल अवशेष जलाने की घटनाओं की पुष्टि के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी फील्ड स्तर पर निगरानी रखें और उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें।

रोजाना सुबह 10 बजे तक भेजनी होगी कार्रवाई रिपोर्ट
डीसी वर्षा खांगवाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित कार्रवाई की प्रतिदिन की रिपोर्ट अगले दिन सुबह 10 बजे तक निर्धारित प्रारूप में जिला प्रशासन को भेजना सुनिश्चित करें। रिपोर्ट में किए गए निरीक्षण, पाई गई अनियमितताओं, की गई कार्रवाई तथा संबंधित फोटोग्राफ एवं अन्य साक्ष्य शामिल होने चाहिए। जहां किसी प्रकार की कार्रवाई अपेक्षित नहीं है, वहां भी निल रिपोर्ट भेजना अनिवार्य होगा।

प्रदूषण नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और सीएक्यूएम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूरी गंभीरता से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे खुले में कचरा न जलाएं, धूल फैलाने वाली गतिविधियों से बचें और पर्यावरण संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं शुद्ध हवा उपलब्ध हो सके। इसके लिए सभी विभागों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।