एसआईआर के लंबित नोटिसों का निपटारा एक सप्ताह के अंदर-अंदर करें: डीसी साहिल गुप्ता

 
एसआईआर के लंबित नोटिसों का निपटारा एक सप्ताह के अंदर-अंदर करें: डीसी साहिल गुप्ता

नागरिक उठा सकते हैं बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा का लाभ


भिवानी,

 एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीसी रूम में आयोजित बैठक में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य के तहत लंबित नोटिस, फार्म नंबर छह, सात व आठ से संबंधित निपटारा एक सप्ताह के अंदर-अंदर पूरा करने के निर्देश दिए। डीसी ने आमजन से आह्वान किया है कि वे एनवीएसपी पोर्टल पर जाकर बुक ए कॉल विद बीएलओ सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा नागरिक वोटर्स.इसीआई.जीओवी.इन पर जानकारी ले सकते हैं।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं के विवरण का सत्यापन सावधानीपूर्वक किया जाए तथा नाम, पते और अन्य जानकारियों में त्रुटियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ठीक करवाया जाए। जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड का मिलान नहीं हो पा रहा है, उनके मामलों में नियमानुसार दस्तावेजों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जागरूक कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।
डीसी ने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एश्रीनिवासन ने वीसी के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को लंबित नोटिसों का अति शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम भिवानी महेश कुमार, लोहारू एसडीएम मनोज दलाल, नगराधीश अनिल कुमार के अलावा निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।