रोहतक में डीआईएसएचए जागरूकता अभियान शुरू, टेली-लॉ और मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी देगी वैन

 
रोहतक में डीआईएसएचए जागरूकता अभियान शुरू, टेली-लॉ और मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी देगी वैन

रोहतक | भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (सीएससी एसपीवी) के सहयोग से डीआईएसएचए (डिजाइनिंग इनोवेटिव सॉल्यूशंस फॉर होलिस्टिक एक्सेस टू जस्टिस) योजना के अंतर्गत संचालित टेली-लॉ कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नागरिकों को नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हरियाणा में 22 दिवसीय जिला-स्तरीय डीआईएसएचए मोबाइल जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।


इसी कड़ी में उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, सहायक जिला सूचना अधिकारी सपना तथा सीएससी जिला प्रबंधक भूपेंदर श्योराण ने डीआईएसएचए जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रोहतक इस राज्यव्यापी अभियान का 16 वां जिला है। यह मोबाइल वैन आगामी दो दिनों तक जिला के विभिन्न गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को टेली-लॉ कार्यक्रम, नि:शुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों तथा अन्य डिजिटल न्याय संबंधी सेवाओं की जानकारी प्रदान करेगी। इसके बाद यह अभियान प्रदेश के अन्य जिलों में भी संचालित किया जाएगा।


इस अवसर पर विशाल सिंह ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को न्याय व्यवस्था, उनके कानूनी अधिकारों तथा उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। जिला के नागरिकों तक सरल, सुलभ एवं प्रभावी ढंग से कानूनी जानकारी पहुंचाने में यह जागरूकता अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने जिला के नागरिकों का आह्वान किया है कि वे सरकार की इस मुहिम का लाभ उठाते हुए कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी लें। नागरिक अपने कानूनी अधिकारों, नि:शुल्क विधिक सहायता तथा उपलब्ध डिजिटल न्याय सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।


सहायक जिला सूचना अधिकारी सपना ने कहा कि इस वैन के माध्यम से नागरिकों को टेली-लॉ सेवाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता, विभिन्न जनकल्याणकारी कानूनी प्रावधानों तथा न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी जाएगी। टेली-लॉ राज्य समन्वयक मुजफ्फर हुसैन ने बताया कि डीआईएसएचए मोबाइल जागरूकता वैन में एलईडी डिस्प्ले, जन उद्घोषणा प्रणाली, ऑडियो-वीडियो जागरूकता सामग्री तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री उपलब्ध है। इस अवसर पर सीएससी जिला प्रबंधक भूपेंदर श्योराण, सीएससी ग्राम स्तरीय उद्यमी (वीएलई) साहिल कुमार, अशोक कुमार सहित सीएससी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।