झज्जर में भव्य ढंग से मनाया गया हीरक जयंती समारोह

 
झज्जर में भव्य ढंग से मनाया गया हीरक जयंती समारोह

डीसी वर्षा खांगवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया समारोह का शुभारंभ

कुरुक्षेत्र से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सुना शुभ संदेश

राजकीय नेहरू पीजी कालेज ऑडिटोरियम में हरियाणा की सांस्कृतिक झलक का हुआ बेहतरीन प्रस्तुति

 हरियाणा प्रदेश परम्परा से प्रगति थीम पर सजी रंगोली

झज्जर, 1 नवंबर।

हरियाणा प्रदेश के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को हीरक जयंती के अवसर पर राजकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून और डीसी वर्षा खांगवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में हरियाणा के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हीरक जयंती के लोगो का विमोचन भी किया।

डीसी वर्षा खांगवाल ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। समारोह में कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से शुभ सन्देश सुना। बीन की स्वर लहरियों व ढोल नगाड़ों के साथ अतिथिगण का भव्य स्वागत किया गया।

60 वर्षों की विकास यात्रा पूरी कर निरंतर आगे बढ़ रहा हरियाणा : राजेश जून
जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व, गौरव और उत्सव का अवसर है। हीरक जयंती केवल एक वर्षगांठ का आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की छह दशकों की विकास यात्रा, ऐतिहासिक उपलब्धियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक प्रगति को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने अपने गठन के बाद से विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। प्रदेशवासियों के परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयासों ने हरियाणा को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि जिला झज्जर की बात की जाए तो यहां के जवान सरहदो पर देश की रक्षा में लगे हुए हैं। वहीं खेलों में यहां खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिला और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। जीएसटी कर संग्रह की बात की जाए तो देश भर में हरियाणा चौथे स्थान पर और हरियाणा भर में जिला झज्जर तीसरे पायदान पर है। आज जिला हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है,यह हम सबके सामूहिक प्रयास की देन है।

नई पीढ़ी को हरियाणा के इतिहास और विकास यात्रा से अवगत करवाएं : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने समारोह में उपस्थित जिला वासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश का 60 वर्षों का सफर अनेक संघर्षों, उपलब्धियों और विकास के पड़ावों से जुड़ा हुआ है। हमें अपने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को जानने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को भी इससे परिचित करवाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे बच्चों और युवाओं को हरियाणा के गठन, उसके उदय की परिस्थितियों और प्रदेश की विकास यात्रा के बारे में विस्तार से बताएं, ताकि उनमें अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं के प्रति गौरव की भावना मजबूत हो।
डीसी ने कहा कि यह समझना बेहद जरूरी है कि किन परिस्थितियों में हरियाणा प्रदेश का उदय हुआ और छह दशकों के दौरान प्रदेश ने किस प्रकार विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन झज्जर की ओर से समय-समय पर इस प्रकार के कार्यक्रम उत्साह और धूमधाम से आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विद्यार्थियों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने सभी जिला वासियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

रंगोली के माध्यम से दर्शाई हरियाणा की विकास यात्रा
हरियाणा दिवस के अवसर पर समारोह स्थल पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई। शिक्षा विभाग की ओर से मोनिका और मुकेश द्वारा तैयार की गई रंगोली में पर्यावरण संरक्षण, विकास और सरकार की विभिन्न योजनाओं को कलात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोली ने समारोह में पहुंचे लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उपस्थित अतिथियों ने इसकी सराहना की। विख्यात हरियाणवी कलाकार गणेश नूनवाल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूना माजरा की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता संजय शर्मा ने किया। प्रदेश की छह दशकों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और गौरवशाली विरासत झज्जर में आयोजित हीरक जयंती समारोह में देखने को मिली।

ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीटीएम ऋतु, डीएफओ साहिति रेड्डी, डीआरओ मनवीर सिंह, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीआईओ अमित बंसल, डीपीसी अनिल शर्मा, डीपीओ नेहा दहिया, एआईपीआरओ डॉ. अश्वनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।