बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर परिसर में विधिक सेवा प्राधिकरण की स्टाल पर आमजन को कानूनी जानकारी दे रही पीएलवी
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा गत 11 अक्टूबर से बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर परिसर में स्टॉल लगाकर प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। शारदीय नवरात्र आश्विन मेला को लेकर प्राधिकरण द्वारा लगाई गई स्टाल पर पीएलवी आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्रदान कर रही हैं। इस स्टाल का कानूनी जानकारी के लिए लोग खूब लाभ उठा रहे हैं।
देवी दर्शन उपरांत श्रद्धालु इस स्टाल पर पहुँच कर पीपीपी,आधार कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य जानकारी ले रहे हैं।
दूसरी ओर सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव विशाल ने बताया बेरी मेला में आने वाले नागरिकों को निशुल्क कानूनी जानकारी देने के लिए पैरा लीगल वालंटियर सरोज देवी, नीता देवी व बबीता देवी की ड्यूटी लगाई गई है,जोकि मेले में माता के दर्शनार्थ आने वाले नागरिकों को राष्ट्रीय और हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दे रही हैं। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उसे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए । उन्होंने मेला में आने वाले श्रद्धालुओं का आह्वान किया कि वे माता के दर्शन उपरांत विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित स्टाल पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेते हुए योजनाओं का लाभ उठाएं।
