देवी शक्तिपीठ धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक : औमप्रकाश धनखड़

 
देवी शक्तिपीठ धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक : औमप्रकाश धनखड़

धर्मनगरी बेरी पहुंचे पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, माता भीमेश्वरी देवी के किए दर्शन

52 शक्तिपीठों ने भारत को एकजुट रखने में निभाई अहम भूमिका - बोले पूर्व मंत्री

दुर्गा अष्टमी पर पदयात्रा करते हुए धर्मनगरी बेरी पहुंचे पूर्व मंत्री, माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन कर की पूजा-अर्चना

नवरात्र में  एक लाख  कदम चलने का लिया संकल्प, मां के आशीर्वाद से मिली नई ऊर्जा;सोमवार को गुरुग्राम में भी करेंगे पदयात्रा

झज्जर, 

पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़ रविवार को दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर पदयात्रा करते हुए धर्मनगरी बेरी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत को एकजुट रखने में मां की 52 शक्तियों ने अहम भूमिका निभाई है। देशभर में स्थित शक्तिपीठ हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं।
धनखड़ ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मां के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। दक्षिण में समुद्र तट पर कन्याकुमारी के रूप में मां की उपासना होती है, वहीं असम में मां कामाख्या, कश्मीर में क्षीर भवानी, जम्मू में माता वैष्णो देवी और पंचकूला में माता मनसा देवी के रूप में श्रद्धालु मां की आराधना करते हैं। इन धार्मिक स्थलों के प्रति लोगों की गहरी आस्था देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती है।
त्योहारों और रिश्तों में बसती है भारत की आत्मा
पूर्व मंत्री  श्री धनखड़ ने कहा कि भारत रिश्तों में जीता है और त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाता है। यही भारतीय जीवनशैली की विशेषता है। नवरात्र के दौरान माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण देखते ही बनता है। कोई बुजुर्ग मां को दर्शन करवाने के लिए मंदिर लेकर आ रहा है, तो कोई अपने परिवार के साथ माता के दरबार में शीश नवाने पहुंच रहा है। श्रद्धालुओं की यह भावना भारतीय संस्कृति की आत्मीयता और पारिवारिक मूल्यों को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि नवरात्र पर्व आमजन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। मां के प्रति श्रद्धा लोगों को सेवा, समर्पण और सकारात्मकता की प्रेरणा देती है। इन दिनों देशभर के धार्मिक स्थलों पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित करती है।
नवरात्र में  प्रति दिन 11 हजार 111 कदम चलने के संकल्प से मिली अपार शक्ति
पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि उन्होंने नवरात्र के दौरान प्रतिदिन पदयात्रा के माध्यम से 11,111 कदम चलने का संकल्प लिया है। नौ दिनों तक पदयात्रा करने से उन्हें नई ऊर्जा और शक्ति का अनुभव हुआ है। उन्होंने कहा कि इतने कदम चलने का अवसर भी मां के आशीर्वाद से ही मिला है। उनकी कामना है कि मां का आशीर्वाद सभी लोगों पर बना रहे और समाज में सुख, शांति व समृद्धि आए।
उन्होंने बताया कि रविवार को दुजाना मोड़ से पदयात्रा शुरू कर बेरी पहुंचे और माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन किए। इसके बाद शाम को गांव पाटौदा में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से देवी मंदिर पाटौदा तक पदयात्रा की। वहीं सोमवार, 19 अक्टूबर को वे गुरुग्राम स्थित अपने आवास से माता शीतला देवी मंदिर तक पैदल यात्रा करेंगे।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने की सर्वे भवन्तु सुखिनः की कामना
 
पूर्व मंत्री श्री धनखड़  ने मां भीमेश्वरी देवी  के चरणों में सभी के कल्याण की प्रार्थना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति पर माता का आशीर्वाद बना रहे। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि सभी लोग सुखी और स्वस्थ रहें तथा देश में शांति, सद्भाव और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” का संदेश देते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी, जिला परिषद के चैयरमेन कप्तान सिंह बिरधाना, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना, बेरी नगरपालिका चैयरमेन देवेंद्र उर्फ बिल्लू पहलवान,मनीष बसंल, मीडिया प्रभारी दीपांशु चावला,पूर्व चेयरमैन मनीष शर्मा नम्बरदार, धर्म सिंह कादयान,प्रवीण जांगड़ा झज्जर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तिव पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।