कृषि विभाग के उपनिदेशक सरबजीत सिंह ने खेतों में जाकर किया फसल कटाई प्रयोगों का निरीक्षण
भिवानी, 13 अक्टूबर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ-2026 के तहत फसल कटाई प्रयोगों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा के उप निदेशक (टीआर) सरबजीत सिंह ने जिले के विभिन्न गांवों में फसल कटाई प्रयोगों का निरीक्षण किया।
दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने भिवानी खंड के देवसर और तिगड़ाना, तोशाम खंड के बजीना और दांग कलां, बवानी खेड़ा खंड के जाटू लोहारी और रामपुरा, कैरू खंड के जुई कलां और जुई खुर्द, बहल खंड के सलेमपुर और सहरयारपुर तथा लोहारू खंड के ढिगावा जाटान और खरकड़ी गांवों में फसल कटाई प्रयोगों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने फसल कटाई प्रयोगों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए कि फसल कटाई प्रयोग पूरी गंभीरता, सावधानी और पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाए ताकि दर्ज किए जाने वाले आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।
सरबजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन में धान, कपास, बाजरा और मक्का की फसलों के लिए प्रत्येक गांव में प्रत्येक बीमित फसल के चार-चार फसल कटाई प्रयोग करना अनिवार्य है। इन्हीं प्रयोगों के आधार पर संबंधित गांव में फसल की उपज और बीमा दावों की गणना की जाती है।
उन्होंने बताया कि धान की फसल के लिए स्मार्ट सैंपलिंग तथा अन्य फसलों के लिए रैंडम नंबर प्रणाली के आधार पर खेतों का चयन किया जाता है। इस प्रक्रिया में पटवारी की सहायता भी ली जाती है। निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग के उपमंडल कृषि अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
