सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को जोश के साथ करवाए आयोजित- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को जोश के साथ करवाए आयोजित- उपायुक्त सतबीर सिंह

 
- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा एक माह का सेवा संकल्प अभियान
- सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर
- उपायुक्त की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों बारे बैठक आयोजित
रोहतक, 9 सितंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों को जोश के साथ आयोजित करवाए। सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न गतिविधियां आयोजित होगी। लाभपात्रों को विभिन्न योजनाओं का उनके घर द्वार पर लाभ भी दिया जाएगा।
सतबीर सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय नवाचार चुनौतियां, जन सेवक महाकुंभ आदि के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित करवाई जाएगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिला में पिछले 12 वर्षों के दौरान करवाए गए प्रमुख विकास कार्यों की विभागवार सूची तैयार की जाए। साथ ही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची भी तैयार कर उपलब्ध करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों में प्रभावी समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहायता दी जाएगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिविरों एवं सेवा गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित निगरानी तथा अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुंवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह व नमिता सिंह, रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, पीजीआईएमएस के कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक सहित अन्य विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।