समाधान शिविर में एक ही छत के नीचे नागरिकों की समस्याओं का हो रहा समाधान -उपायुक्त सतबीर सिंह
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में सरकार का उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाना समस्याओं का समाधान
रोहतक,
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी शिकायतों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं को सुना गया। शिविर में पहुंचे प्रत्येक नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र एवं समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसकी समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं तथा शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी अवश्य दें।
सतबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। शिविर के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए उन पर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी करें और उनका निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर नगराधीश शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
