उपायुक्त सतबीर सिंह ने जन्माष्टमी पर्व पर जिला वासियों को दी हार्दिक बधाई

 
 उपायुक्त सतबीर सिंह ने जन्माष्टमी पर्व पर जिला वासियों को दी हार्दिक बधाई

 रोहतक, 4 सितंबर। उपायुक्त  सतबीर सिंह ने जिला वासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि जन्माष्टमी का पर्व हमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके कर्मयोग, सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश देता है।
सतबीर सिंह ने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भागवत गीता के माध्यम से मानवता को कर्म, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा दी। उनका जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और विवेक के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है। जन्माष्टमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, प्रेम, भाईचारे और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे इस पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज में आपसी प्रेम, शांति और सौहार्द की भावना को बढ़ावा दें। सतबीर सिंह ने जिला वासियों से जन्माष्टमी पर्व को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाने तथा पर्व के दौरान सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सभी जिला वासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।