पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और जल निकासी से जुड़े विकास कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा
आमजन को मूलभूत जन सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता:- उपायुक्त सतबीर सिंह
15 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही है पेयजल पाइपलाइन
सीवरेज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और जल निकासी पर रहेगा विशेष फोकस
अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के दिए निर्देश
रोहतक, 10 नवंबर।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत जन सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी, स्वच्छता और सड़कों की बेहतर स्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। विकास कार्यों को एकीकृत टीम के रूप में निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह आज स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में जन सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों तथा जनस्वास्थ्य विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण तथा नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय बनाए रखें तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखें।
सतबीर सिंह ने कहा कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) कैनाल से सोनीपत स्टैंड स्थित जलघर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के साथ जलघर में एक अतिरिक्त टैंक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पहले से मौजूद दो टैंकों की मरम्मत तथा एक क्लियर वाटर टैंक का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुराने शहर में लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइनों को बदलने का कार्य जारी है। तिलियार झील पर जलघर स्थापित करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि नगर निगम के अंतर्गत आने वाले आठ गांवों सुनारिया कलां, सुनारिया खुर्द, खेड़ी साध, गढ़ी माजरा, बोहर भोपन, बोहर मेलवान, कन्हैली और पहरावर में लगभग 210 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत जलघर स्थापित करने और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना से संबंधित प्रशासनिक स्वीकृतियों एवं अन्य औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
बैठक में रोहतक शहर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सतबीर सिंह ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में नई सीवरेज लाइन बिछाने, क्षतिग्रस्त लाइनों को बदलने, पुरानी लाइनों की सफाई तथा मशीन वाउंड स्पाइरल लाइनिंग तकनीक के माध्यम से सीवरेज लाइनों को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गौकरण तालाब, गौकरण पार्क और आसपास के क्षेत्रों में बरसाती पानी की निकासी के लिए भी कार्य प्रस्तावित एवं प्रगति पर हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने सुनारिया स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 40 एमएलडी से बढ़ाकर 60 एमएलडी करने तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से पानी के शोधन की व्यवस्था विकसित करने से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीवरेज के पानी का उचित शोधन पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने और अन्य संबंधित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना तथा सीवरेज एवं बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करना संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अधिकारी विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कार्यों के दौरान आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश:- निगमायुक्त सत्येंद्र दुहन
बैठक में नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन ने संबंधित सड़क स्वामित्व एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की मुख्य सड़कों की मरम्मत का कार्य तुरंत प्रभाव से शुरू करें। जिन सड़कों पर गड्ढे हैं, उन्हें मजबूती के साथ भरकर आवागमन को सुगम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। उन्होंने स्मार्ट रोड परियोजना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से नियमित रूप से कूड़ा उठाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने अंत में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति से संबंधित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों का साझा उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना होना चाहिए। इसके लिए अधिकारी जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, अरूण, मंजीत दहिया, जगमाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
