उपायुक्त महेंद्र पाल ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निवारण के निर्देश

 
उपायुक्त महेंद्र पाल ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निवारण के निर्देश

हिसार, 03 सितंबर।
जिला प्रशासन द्वारा वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया बाकि शिकायतों को लेकर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुई।
समाधान शिविर में गांव बहबलपुर निवासी एक प्रार्थी द्वारा गली पर अवैध कब्जे संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला परिषद सीईओ को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मंडी आदमपुर के प्रार्थियों द्वारा क्षेत्र में लग रहे टावर को न लगाने की मांग पर उपायुक्त ने एसडीएम को इस मामले पर आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी। सैनिक विहार कॉलोनी प्रार्थियों द्वारा गलियों को पक्का करने के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयोग संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने नगर निगम के अधिकारियों को मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गांव प्रभुवाला निवासी एक प्रार्थी द्वारा अवध कॉलोनी काटने से रोकने की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला नगर योजनाकार को मौका मुआयना कर उचित कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार एक अन्य शिकायत में मंडी आदमपुर स्थित शिव कॉलोनी निवासी इतबार सिंह द्वारा वसिका में दर्ज गलत रास्ते के इंद्राज को ठीक करवाने की मांग पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने तहसीलदार को वसिका संबंधी समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। हिसार निवासी एक प्रार्थी द्वारा फीस रिफंड संबंधी मामले पर चार माह बीत जाने के बावजूद कोई कार्यवाही न होने की शिकायत पर उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारी को मामले की जांच कर प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या के निदान को लेकर आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा। गांव शाहपुर निवासी सत्य सिंह द्वारा भूमि पर अवैध ट्यूबवेल संचालित करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को मामले की जांच कर विभागीय कार्यवाही करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला परिषद सीइओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।