सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों की ली बैठक

 
 सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों की ली बैठक

हिसार, 09 सितंबर।
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की रूपरेखा समय रहते तैयार कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।


उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी, जनसेवा तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभाग अपने स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ें और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को जागरूक करें।

उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि अभियान के दौरान जिले में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जिनमें वे अपनी प्रतिभा के साथ-साथ सेवा, सुशासन और विकास से जुड़े विचार प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन तक सेवा एवं विकास की कहानियां प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएंगी।


उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा कार्यक्रमों के आयोजन में विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किए जाने वाले कार्यों का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं से वास्तविक रूप से जोडऩा होना चाहिए।


उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान का समापन जनसेवक महाकुंभ के साथ किया जाएगा।