सिरसा, 6 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में योग एवं ध्यान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी कड़ी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोधकां में योग एवं ध्यान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गांव के सरपंच, गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठ शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसी प्रकार राजकीय माध्यमिक विद्यालय, मेहना खेड़ा में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत योग एवं ध्यान शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 63 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इसके अलावा राजकीय स्कूल भड़ोलियांवाली में आयोजित योग एवं ध्यान शिविर में करीब 65 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा नियमित रूप से योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशु शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर योग एवं ध्यान संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि आमजन एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। शिविर के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को योग और ध्यान के महत्व तथा इससे होने वाले विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
