आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन का प्रतिनिधिमंडल चण्डीगढ़ में मुख्यमंत्री से मिला
रोहतक, 4 सितम्बर 2026
एआईयूटीयूसी से सम्बन्धित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन हरियाणा राज.नं. 1996 का एक प्रतिनिधिमण्डल यूनियन की महासचिव पुष्पा दलाल, वरिष्ठ उप प्रधान सन्तोष ढांड, यूनियन के राज्य सलाहकार मास्टर सुबेसिंह यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी से आज उनके चण्डीगढ़ आवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2021-22 में 4 मास की लम्बी हड़ताल के दौरान जिन्हें सेवामुक्त किया गया था और बाद में बहाल की गई थी, उन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं की फाइल विभाग के आला अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय में टर्मिनेशन पीरियड के वेतन भुगतान हेतु भेज रखी हैं। मुख्यमंत्री जी को एक ज्ञापन प्रस्तुत कर उसकी स्वीकृति देकर वेतन दिलाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि विभाग की निदेशक ने यूनियन से समझौता कर यह आश्वासन देकर कि टर्मिनेशन पीरियड का वेतन शीघ्र दिया जायेगा, हड़ताल समाप्त करा दी गई थी। हड़ताल के अन्य मुद्दों पर भी सहमति बनी थी जिनमें विभागीय प्रोमोशन, रिटायरमेंट पर सहायता राशि सहित कई मांगें शामिल थी। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास के अधिकारियों से लाइब्रेरी में मांगों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमण्डल ने हड़ताल के दौरान सेवामुक्ति की अवधि का वेतन जिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं को नहीं मिला था, उसकी लिस्ट विभाग के कमिशनर व सचिव शेखर विद्यार्थी को सौपीं।
प्रतिनिधिमण्डल महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रुति चौधरी के चण्डीगढ़ आवास पर भी गया और अपनी मांगों का ज्ञापन उनके निजी सहायक नरेश कुमार को सौपा। उन्होंने मंत्री के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया।
मंत्री महोदया को सौपे मांग पत्र में वेतन में बढ़ोतरी करने, सुपरवाईजर की भर्ती दूसरे विभागों से एडहाक पर करने से पहले 50 प्रतिशत पदों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के विभागीय प्रमोशन से भरने, शहरी केन्द्रों का किराया सीधा आंगनवाड़ी वर्करों के खातों में डालने, केन्द्र सरकार का कई मास का बकाया वेतन दिलाने, रिटायरमेंट पर ग्रेच्युटी व पांच लाख रुपए सहायता राशि देने, सामान्य मृत्यु पर भी सहायता राशि देने, खाली पदों को शीघ्र भरने व हमारी यूनियन से वार्ता कर मांगों को हल करने सहित अन्य मांगें भी शामिल थी।
