पुराने डीजल व पेट्रोल वाहनों को स्क्रैप करवाएं , प्रदूषण कम करने में सहयोग करें : डीसी
झज्जर, 15 अक्टूबर
हरियाणा सरकार ने एनसीआर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की शुरुआत की है। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को जिम्मेदारी निभानी है, ऐसे में पुराने वाहन मालिक निर्धारित समय पूर्ण कर चुके वाहनों को स्क्रैप अवश्य कराएं।
डीसी ने बताया कि 10 वर्ष पुराने डीजल वाहनों और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों को तुरंत स्क्रैप कराने का समय आ गया है। पुराने वाहन न केवल अत्यधिक वायु प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि ये चलाने में अधिक खर्चीले और सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी असुरक्षित होते हैं।
डीसी ने कहा कि जिला परिवहन अधिकारी के माध्यम से निरन्तर लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे स्वच्छ एनसीआर और हरित भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देते हुए अपने 10 साल पुराने डीजल तथा 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नजदीकी "पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्रों" (आरवीएसएफ) पर ले जाकर स्क्रैप करवाएं और नए स्वच्छ वाहनों को अपनाएं। जिला परिवहन अधिकारी रवीश हुड्डा ने बताया कि आरवीएसएफ केंद्रों पर सुरक्षित स्क्रैपिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे कम प्रदूषण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वाहनों की उपयोगी सामग्री का रिसाइक्लिंग संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि यदि लोग अपने इन पुराने वाहनों को जल्द से जल्द आरवीएसएफ केंद्रों पर ले जाकर स्क्रैप नहीं कराते हैं, तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। स्वच्छ एनसीआर और हरे-भरे कल के सपने को साकार करने के लिए सरकार ने नागरिकों से अपने पुराने वाहनों को जिम्मेदारी से स्क्रैप कराने और इस मुहिम में सहयोग देने का आग्रह किया है।
