डीसी वर्षा खांगवाल ने बहादुरगढ़ में उद्यमियों के साथ बैठक में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सहभागी बनने का किया आह्वान

 
डीसी वर्षा खांगवाल ने बहादुरगढ़ में उद्यमियों के साथ बैठक में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सहभागी बनने का किया आह्वान

सामाजिक दायित्व निभाते हुए जनहित में सक्रिय भागीदार बनें उद्यमी : डीसी

बहादुरगढ़, 04 नवंबर

औद्योगिक नगरी बहादुरगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को बहादुरगढ़ नगर परिषद सभागार में स्थानीय उद्यमियों के साथ बैठक की। उन्होंने उद्योगपतियों से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया। नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने डीसी वर्षा खांगवाल का स्वागत किया।
बैठक में डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि उद्योग जगत सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि जो जरूरतमंद व्यक्ति किसी कारणवश सरकारी योजनाओं में कवर नहीं हो पाते, ऐसे जरूरतमंदों की तत्काल मदद सीएसआर के तहत सम्भव है।
डीसी ने कहा कि सीएसआर फंड के माध्यम से शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा अन्य जनहितकारी कार्यों को गति दी जा सकती है। उद्योगपति अपने संस्थानों के सामाजिक दायित्व के तहत ऐसे कार्यों में आगे आकर सहयोग करें, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के आपसी समन्वय से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

जनकल्याण से जुड़े कार्यों में उद्योग जगत की भागीदारी जरूरी
डीसी वर्षा खांगवाल ने उद्योगपतियों से कहा कि वे अपने आसपास के क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सीएसआर गतिविधियों के लिए प्राथमिकता वाले कार्यों की पहचान करें। प्रशासन की ओर से भी जनहित से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक समन्वय एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास में उद्योगपतियों की सहभागिता से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एमएसएमई अधिकारी संजीत कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के उद्योगपति मौजूद रहे।