अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
गुरुग्राम,
डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो और समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करें। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दें। जिन मामलों में कार्यवाही लंबित है, संबंधित विभाग उन्हें प्राथमिकता से लेते हुए जल्द समाधान करें।
डीसी उत्तम सिंह ने ये निर्देश लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों से सीएम विंडो और समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों तथा उनके समाधान की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी प्रत्येक मामले की नियमित निगरानी करें और शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों पर की गई कार्यवाही और उनके समाधान की स्थिति पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट की जाए। समीक्षा बैठक से पहले संबंधित विभाग अपनी शिकायतों का पूरा रिकॉर्ड जांच लें, ताकि लंबित मामलों की सही जानकारी उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के बाद शिकायतकर्ता को इसकी सूचना भी दी जाए। इसके लिए शिकायत में संपर्क नंबर दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए। जिन शिकायतों में किसी स्तर पर कार्यवाही लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लेकर जल्द समाधान किया जाए।
डीसी ने कहा कि सीएम विंडो और समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी उपमंडलों में प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखें। बैठक में सीटीएम ज्योति नागपाल, नगर निगम की जॉइंट कमिश्नर पूजा, डीडीपीओ नवनीत कौर, ईओ-1 राकेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
