डीसी उत्तम सिंह की खाद्य पदार्थ विक्रेताओं से अपील, अच्छी गुणवत्ता का सामान ही बेचें
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें विक्रेता
गुरुग्राम,
डीसी उत्तम सिंह ने मिठाई विक्रेताओं और खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को सचेत करते हुए कहा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में कमी या मिलावट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई विक्रेता नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीसी ने सभी खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ दुकानों में स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में लोग मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते हैं। ऐसे में नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मिठाई विक्रेता मांग के अनुसार ही मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करें तथा उन्हें लंबे समय तक स्टोर करने से बचें। मिठाइयों के निर्माण के दौरान स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन किया जाए।
डीसी ने दूध, मावा, मिठाई, ड्राई फ्रूट, चॉकलेट और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप मिठाइयों और खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि उपभोक्ता खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपयोग की अवधि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।
डीसी उत्तम सिंह ने जिला के नागरिकों से भी अपील की कि वे मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
