झज्जर उपमंडल में एग्रीस्टैक प्रक्रिया का डीसी ने लिया जायजा, डीसी वर्षा खंगवाल ने दिए समयबद्ध और सटीक सर्वे के निर्देश
*झज्जर, 22 अगस्त*
झज्जर जिला में कृषि एवं राजस्व प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में डीसी वर्षा खांगवाल ने एग्रीस्टैक प्रक्रिया तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति का जायजा लिया। डीसी ने शनिवार की दोपहर बाद एसडीएम झज्जर रवि मीणा के साथ झज्जर उपमंडल के गांव सुर्खपुर व गिरावड का प्रशासनिक अधिकारियों, राजस्व विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में दौरा किया। एसडीओ कृषि डॉ. जगजीत सांगवान ने चल रही प्रकिया की अपडेट रिपोर्ट डीसी के समक्ष रखी।
*डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्रीस्टैक का निरीक्षण*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जिले के प्रत्येक किसान और उसकी फसल का सटीक रिकॉर्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना अनिवार्य है। उन्होंने एग्रीस्टैक के तहत चलाए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे की फील्ड विजिट करते हुए पटवारियों और कृषि सहायकों द्वारा किए जा रहे फील्ड सर्वे की प्रगति जानी।
*शत प्रतिशत सटीकता और समयबद्धता का रखें ध्यान :*
डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डेटा फीडिंग का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी सटीकता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने जिले के सभी किसानों की विशिष्ट डिजिटल पहचान बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया, ताकि पात्र किसानों को सभी सरकारी योजनाओं से सीधा जोड़ा जा सके। उन्होंने मैदानी स्तर पर मुआयना करते हुए हर पहलू की जांच की।
*पारदर्शिता और त्वरित लाभ:*
डीसी ने बताया कि एग्रीस्टैक के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य, फसल बीमा और आपदा राहत मुआवजा सीधे और बिना किसी मध्यस्थ के किसानों के खातों तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने या किसी भी योजना का लाभ उठाने में कोई परेशानी न उठानी पड़े।
