सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर DC महेंद्र पाल सख्त, विभागों को समय रहते काम पूरा करने के निर्देश
हिसार। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करें। यह निर्देश उपायुक्त महेंद्र पाल ने वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित वीसी के बाद अधिकारियों को दिए।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक मॉड्यूल के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां पहले से तय की जाएं और कार्यक्रमों के सफल आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ाना, पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाना तथा सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियां केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ आमजन तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया और रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सेवा चित्र मॉड्यूल के तहत शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। सेवा स्मरण के तहत कला एवं संस्कृति विभाग की टीमें निर्धारित थीम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन का मिलन मॉड्यूल के अंतर्गत पोषण एवं अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कहानी बदलाव मॉड्यूल में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। सेवा ज्योति यात्रा के तहत विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि सेवा मेरा योगदान मॉड्यूल के तहत शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा चिन्हित 25 सेवाओं से संबंधित गतिविधियां करवाई जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा सेतु के तहत खंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में पात्र लाभार्थियों को चिन्हित सेवाओं का मौके पर लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
इसी प्रकार सेवा रंग के तहत चिन्हित स्थानों पर रंगोली एवं भारत मंडल की आकृतियां बनाई जाएंगी तथा सुशासन सेवा संवाद के तहत विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा निर्धारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करना सुनिश्चित करें।
