भिवानी, 06 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को शहर में चौ. सुरेंद्र सिंह मैमोरियल हुडा पार्क के सामने मैदान में सुबह नौ बजे विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। संकल्प सभा के पश्चात 11 बजे विकसित भारत संकल्प को लेकर सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी, सेवा ज्योति यात्रा हुडा पार्क से शुरु होकर बासिया भवन, हांसी गेट से होते पंंडित नेकीराम शर्मा, घंटाघर चौक पर संपन्न होगी। सेवा ज्योति यात्रा के दौरान यातायात नियंत्रण व अन्य जरूरी प्रबंधों को लेकर डीसी साहिल गुप्ता ने डीआरडीए सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान एसपी मयंक मिश्रा भी मौजूद रहे।
बैठक में डीसी ने निर्देश दिए कि हुडा पार्क के सामने मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम व सेवा सकंल्प यात्रा के दौरान शहर में यातायात नियंत्रित रहे, इसके लिए जरूरी जगहों पर ट्रेफिक तैनात की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान एंबूलेंस की व्यवस्था हो। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा में ग्रामीण आंचल से लोगों के साथ-साथ युवाओं की भागीदारी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि पंडाल में लोगों के लिए बैठने की सही व्यवस्था हो।
डीसी ने निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे शुरु हो जाएगा, ऐसे में सभी तैयारियां समय रहते संपन्न करें। सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के माध्यम से नागरिकों को समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा सेवा भावना को जनभागीदारी से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी, भाईचारे और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
बॉक्स
यात्रा के दौरान रूट रहेगा आम आवागमन के लिए बंद: एसपी
बैठक में एसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि यात्रा के दौरान 11 बजे से लेकर यात्रा संपन्न होने तक हुडा पार्क से बासिया भवन, हांसी गेट से पंंडित नेकीराम शर्मा चौक, घंटाघर चौक तक का रूट आम आवागमन के लिए बंद रहेगा। रेलवे स्टेशन या तोशाम की तरफ को जाने वाले नागरिक रेस्ट हाऊस के सामने से होते हुए बीटीएम चौक, वैश्य कॉलेज चौक से होकर जाएंगे। इसी प्रकार तोशाम से पुराना बस स्टैंड या नया बस स्टैंड की जाने वाले वाहन भी घंटाघर जाने की बजाय वैश्य कॉलेज से बीटीएम चौक, रेस्ट हाऊस, स्टेडियम रोड, पंचायत भवन होते हुए नया बस स्टैंड की तरफ जाएंगे।
बैठक में एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, डीएसपी अनूप कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान और जिला खेल अधिकारी विद्यानंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
