डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों की बैठक में की एसआईआर अभियान की समीक्षा

 
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों की बैठक में की एसआईआर अभियान की समीक्षा

30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
झज्जर, 02 नवंबर

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए सभी कार्यों का निपटान निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाए।
यह निर्देश  डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने सीईओ हरियाणा के साथ वीसी उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक में दिए।
डीसी ने एसआईआर अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत   जारी सभी नोटिस पर सुनवाई का  कार्य शुक्रवार 20 नवंबर  तक पूरा किया जाए। जिसके उपरांत 30 नवम्बर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। पुनरीक्षण से संबंधित प्रत्येक गतिविधि निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

फॉर्म-6, 7 और 8 के आवेदनों का भी हो समय पर निपटारा
डीसी ने अधिकारियों को एसआईआर के दौरान प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के आवेदनों का भी नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने से संबंधित दावों के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन सहित अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है

।राजनीतिक दलों के साथ साझा की जा रही दावे-आपत्तियों की सूची
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से जिला के चारों निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारी के स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। दावों और आपत्तियों से संबंधित सूचियां प्रत्येक सप्ताह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जा रही हैं, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और सभी संबंधित पक्षों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि दावों और आपत्तियों की सुपर-चेकिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।

आगामी 30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा को ध्यान में रखते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। साथ ही, मतदाता सूची से संबंधित प्रत्येक कार्रवाई में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।


यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम रेणुका नांदल,सीटीएम ऋतु, निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।