समाधान शिविर में सीटीएम ज्योति नागपाल ने सुनीं आमजन की शिकायतें*

 
समाधान शिविर में सीटीएम ज्योति नागपाल ने सुनीं आमजन की शिकायतें*

 
*अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश*

गुरुग्राम, 5 अक्टूबर- आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी कड़ी में सोमवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में सीटीएम ज्योति नागपाल ने आमजन की 7 शिकायतों की सुनवाई की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीटीएम ज्योति नागपाल ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए तथा संबंधित विभाग कार्रवाई की स्थिति को समय-समय पर अपडेट करें। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हैं। नागरिक इन शिविरों में अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।

इस अवसर पर एसीपी अनिल कुमार, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एटीपी तरुण, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या, एसडीओ सुमन कश्यप, इनवेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।