सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विद्यालयों में आयोजित की गई रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां
चित्रकला, कविता प्रतियोगिता, भाषण और ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया सेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
फरीदाबाद, 12 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।
अभियान के तहत मॉडर्न डीएवी पब्लिक स्कूल, एनएच-1, फरीदाबाद में सेवा संकल्प अभियान के विषय पर भाषण गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से जनसेवा, समाज के प्रति दायित्व तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने दैनिक जीवन में सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को अपनाएं तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दें।
इसी कड़ी में न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-75, फरीदाबाद में कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को अभिव्यक्त किया। वहीं, ए.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बी-210, डबुआ कॉलोनी, सेक्टर-50, एनआईटी, फरीदाबाद में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल के महत्व के बारे में प्रेरित किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक चेतना, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक नागरिक को प्रेरित करना भी है।
