सिरसा,
सेवा संकल्प अभियान के तहत शहरी स्थानीय निकायों की ओर से स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, कचरे के उचित निस्तारण और घर पर जैविक खाद तैयार करने के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई और होम कम्पोस्टिंग के बारे में भी जागरूक किया। अभियान के अंतर्गत नगर परिषद सिरसा, नगर परिषद मंडी डबवाली तथा नगर पालिका रानियां, कालांवाली और ऐलनाबाद के क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा कचरे का सही प्रबंधन करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रमों में संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से स्वच्छता और घरों में निकलने वाले गीले कचरे से जैविक खाद बनाने के बारे में जानकारी दी गई। इससे कचरे की मात्रा कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। अभियान के जरिए लोगों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
