बेरी में 11 से 26 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्र मेला,16 से 19 अक्टूबर तक लगेगा मुख्य मेला
मेला परिसर में सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग, स्वास्थ्य, रोशनी व स्वच्छता के पुख्ता इंतजामों के निर्देश
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ माता भीमेश्वरी देवी नवरात्र मेला की तैयारियों का लिया जायजा,दिए जरूरी निर्देश
बेरी (झज्जर), 10 अक्टूबर
धर्मनगरी बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले आश्विन शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ मेला परिसर का जायजा लिया।इसके उपरांत पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक में मेला तैयारियों की समीक्षा की।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे किए जाएं।
माता भीमेश्वरी देवी श्राइन बोर्ड की सीईओ एवं एसडीएम रेणुका नांदल ने डीसी को मेले की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले का मुख्य आयोजन 16 से 19 अक्टूबर तक रहेगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि सप्तमी और अष्टमी के अवसर पर माता भीमेश्वरी देवी के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेरी पहुंचते हैं। ऐसे में पिछले मेलों के अनुभव और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन करने और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेला परिसर में पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी, स्वास्थ्य सेवाएं, अस्थायी शौचालय, सीसीटीवी कैमरे, माइक सर्विस और अग्निशमन सेवाओं सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को संबंधित विभागों की ओर से पहचान पत्र जारी किए जाएं, ताकि ड्यूटी व्यवस्था में पारदर्शिता और समन्वय बना रहे।
डीसी ने मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था इस प्रकार हो कि श्रद्धालुओं को कतार, दर्शन और आवागमन के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
भंडारों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रहेगी पाबंदी
डीसी ने मेले के दौरान लगने वाले भंडारों में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के स्थान पर स्टील के बर्तनों का उपयोग किया जाए और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नवरात्र शुरू होने के साथ ही मंदिर परिसर में मेडिकल यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही माई भारत और रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
डीसी ने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि नवरात्र मेला श्रद्धा और आस्था का प्रमुख पर्व है। प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि बेरी पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित वातावरण मिले। इस अवसर पर नायब तहसीलदार मनोज कुमार, नपा सचिव पवित्र गुलिया,बीडीपीओ धर्मपाल,मंदिर पुजारी कुलदीप वशिष्ठ,पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन सुमित कुमार, डीआईओ अमित बंसल सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
