भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के दावे खोखले, अफसरशाही बेलगाम : राजकुमार शर्मा

 
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के दावे खोखले, अफसरशाही बेलगाम : राजकुमार शर्मा

 

सिरसा। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात केवल दावों और घोषणाओं तक सीमित रह गई है। सरकारी विभागों में बिना पैसे दिए आम लोगों के काम होना मुश्किल हो गया है। जारी बयान में शर्मा ने कहा कि नगर परिषद और पब्लिक हेल्थ विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इन विभागों में कुछ भ्रष्ट अधिकारियों ने आम जनता को तरह-तरह से परेशान करने का मानो ठेका ले रखा है। लोगों को अपने जायज काम करवाने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं और बिना लेन-देन के काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अफसरशाही पूरी तरह बेलगाम हो चुकी है। अधिकारी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और जनता की समस्याओं तथा शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। इसका सीधा खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। शर्मा ने कहा कि स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सरकार का अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं नियंत्रण रह गया है।

राजकुमार शर्मा ने कहा कि सरकार को केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े-बड़े दावे करने के बजाय धरातल पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। नगर परिषद और पब्लिक हेल्थ सहित सभी विभागों में भ्रष्टाचार की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।