कचरे का सही प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति नागरिकों को किया जागरूक

 
कचरे का सही प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति नागरिकों को किया जागरूक

गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने के लिए चलाया जागरूकता अभियान

सिरसा,

सेवा संकल्प अभियान के तहत शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने तथा कचरे के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शहरी निकायों में विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के अंतर्गत नगर परिषद सिरसा, नगर परिषद मंडी डबवाली तथा नगर पालिका रानियां, कालांवाली और ऐलनाबाद में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान नागरिकों को समझाया गया कि घरों और अन्य प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखना स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अभियान में कचरे के पृथक्करण, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने के महत्व पर जोर दिया गया। नागरिकों को प्रेरित किया गया कि वे कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालें और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।

नगर परिषद और नगर पालिकाओं की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य लोगों की दिनचर्या में स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को शामिल करना तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना रहा। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शहरों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल स्थानीय निकायों की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। जनसहयोग से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों का निर्माण संभव है।