राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सर्वेक्षणों में नागरिक एवं उद्यमी दें पूर्ण सहयोग : एनएसओ

 
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सर्वेक्षणों में नागरिक एवं उद्यमी दें पूर्ण सहयोग : एनएसओ

सर्वेक्षणों में दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा उपयोग

फरीदाबाद, 4 नवंबर।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) वर्ष 1950 से देशभर में परिवारों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों से सांख्यिकीय जानकारी एकत्र करने का कार्य कर रहा है। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से एकत्रित आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण तथा विभिन्न नीतियों के निर्धारण में किया जाता है।
 

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा सर्वेक्षण कार्य किया जाता है। इसके लिए अधिकारी e-Sigma सॉफ्टवेयर से युक्त हैंडहेल्ड डिजिटल उपकरणों (टैबलेट) तथा उद्यम सर्वेक्षणों के लिए निर्धारित सुरक्षित वेब पोर्टलों का उपयोग करते हैं। सर्वेक्षण के दौरान परिवारों एवं उद्यमों से प्राप्त की जाने वाली समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले किसी भी परिवार अथवा उद्यम की पहचान रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। एकत्रित जानकारी का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।

माह नवंबर 2026 के दौरान राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्र संकार्य प्रभाग द्वारा विभिन्न जिलों में किए जाने वाले सर्वेक्षणों का विवरण संलग्न परिशिष्ट-1 में दिया गया है। इसके अतिरिक्त, थोक मूल्य सूचकांक, क्रेता मूल्य सूचकांक, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक तथा निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए चयनित इकाइयों को नोटिस भेजे गए हैं। इन सर्वेक्षणों के तहत आंकड़ों के संकलन के लिए एनएसओ (एफओडी) के अधिकारी समय-समय पर संबंधित इकाइयों से संपर्क भी करते हैं।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने सभी नागरिकों, परिवारों एवं संबंधित उद्यमों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण कार्य में नियुक्त अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा मांगी गई जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध करवाने के लिए अपना बहुमूल्य समय दें। नागरिकों एवं उद्यमों की सक्रिय सहभागिता से प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े देश में बेहतर योजना निर्माण, प्रभावी नीतियों के निर्धारण तथा विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।