मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने एमडीयू के 25 शोधकर्ताओं के विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल होने पर दी बधाई

 

रोहतक, 9 अक्तूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक के 25 शोधकर्ताओं को स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर की प्रतिष्ठित सूची में विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान मिलने पर आज टेलीफोन पर कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की शोध उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्व पटल पर एमडीयू की वैज्ञानिक प्रतिभा ने हरियाणा प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, अमेरिका की ओर से तैयार तथा एल्सेवियर बीवी द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को जारी ‘अपडेटेड साइंस-वाइड ऑथर डेटाबेस ऑफ स्टैंडर्डाइज्ड साइटेशन इंडिकेटर्स’ में एमडीयू के 25 शोधकर्ताओं को वर्ष 2025 में उनके उत्कृष्ट शोध योगदान के आधार पर विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल किया गया है। इनमें 16 शिक्षक और 9 शोधार्थी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस उपलब्धि को हरियाणा के लिए गौरव का विषय बताते हुए एमडीयू के सभी वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि को प्रदेश में उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों का प्रतीक बताया।
एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने विश्वविद्यालय की शोध उपलब्धियों की सराहना और शोधकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए विश्वविद्यालय परिवार की और से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रोत्साहन विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शोधार्थियों को शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। कुलपति ने कहा कि एमडीयू गुणवत्तापूर्ण शोध, वैज्ञानिक नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय के शोधकर्ता भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और शोध कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाएंगे।