भिवानी, 03 सितंबर। हरियाणा ग्रामीण बैंक रिटायर्ड स्टाफ एंड पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से बैंक के 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स के सम्मान में चौथा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह समारोह सात सितंबर को प्रात: 11 बजे स्थानीय कीर्ति नगर स्थित संस्कृत सदन नजदीक कैनाल रेस्ट हाउस में आयोजित किया जाएगा। समारोह में डीसी साहिल गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि हरियाणा ग्रामीण बैंक के चेयरमैन सुमंत कुमार समारोह की अध्यक्षता करेंगे। भिवानी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव राणा, एजीएम तथा सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक वीरेंद्र सहरावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
एसोसिएशन के प्रधान एवं सेवानिवृत्त चीफ मैनेजर एम.पी. कौशिक ने बताया कि वरिष्ठ पेंशनर्स बैंक परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में बैंक की नींव मजबूत करने के साथ-साथ गरीब, ग्रामीण और समाज के वंचित वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव, समर्पण और सेवाभाव को सम्मानित करना एसोसिएशन के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम संयोजक एवं एसोसिएशन के कानूनी प्रकोष्ठ प्रभारी सेवानिवृत्त चीफ मैनेजर घनश्याम शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हितों और अधिकारों के लिए निरंतर प्रयासरत है।
