डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना; प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों एवं व्यक्तियों की जानकारी करेंगे एकत्रित, शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने पर रहेगा विशेष जोर

 
 डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना; प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों एवं व्यक्तियों की जानकारी करेंगे एकत्रित, शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने पर रहेगा विशेष जोर


झज्जर में 25 जनवरी से शुरू होगी जनसंख्या गणना : डीसी

10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को मिलेगी ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा

डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी वर्षा खांगवाल ने दी जानकारी

झज्जर, 12 नवंबर।

भारत की जनगणना-2027  के द्वितीय चरण के अंतर्गत  जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके उपरांत 1 मार्च से 5 मार्च, 2027 तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण राउंड आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी वर्षा खांगवाल ने दी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि जनसंख्या गणना के इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए स्कूल शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना से पूर्व जिला झज्जर के नागरिकों को 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दौरान नागरिक https://se.census.gov.in ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रगणक स्मार्ट फोन पर उपलब्ध निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। डिजिटल व्यवस्था से आंकड़ों के संकलन में त्रुटियों को कम करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी।


प्रत्येक व्यक्ति से पूछे जाएंगे निर्धारित 40 प्रश्न
प्रधान जनगणना अधिकारी वर्षा खांगवाल  ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। हरियाणा में जारी प्रशिक्षण संबंधी जानकारी के अनुसार, प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे। इनके माध्यम से जन सांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित विवरण संकलित किए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग देश एवं प्रदेश में विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यकता का आकलन तथा विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी जरूरतों को समझने में किया जाएगा। इसलिए प्रत्येक परिवार एवं नागरिक की भागीदारी जनगणना को सफल बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

जनगणना कार्य में कर्मचारियों की रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका
डीसी ने कहा कि जनगणना के द्वितीय चरण में स्कूल शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि जनगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा एवं तत्परता से करें। जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने  बताया कि जनगणना-2027  डिजिटल माध्यम से आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़ों का संग्रहण तथा ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के प्रावधानों के अनुसार गोपनीय रखी जाएगी।

स्व-गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें नागरिक
डीसी वर्षा खांगवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें तथा जनगणना कर्मचारियों के घर-घर पहुंचने पर उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाकर पूरा सहयोग दें। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक पहले ही अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जबकि इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्रित एवं सत्यापित करेंगे।
जनगणना के दौरान प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए अपना आधार नंबर, पास पोर्टनंबर, , ड्राइविंग लाइसेंस  नंबर तथा मतदाता पहचान पत्र पहले से तैयार रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विवरण प्रगणकों को उपलब्ध करवाए जा सकें।
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा जनगणना कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाते हुए इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों एवं संबंधित विभागों के सामूहिक सहयोग से ही जिला झज्जर में जनगणना-2027  का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सकता है, ताकि कोई भी व्यक्ति अथवा परिवारजन गणना से वंचित न रहे।