जनगणना-2027 : गुरुग्राम में 25 जनवरी से शुरू होगा जनसंख्या गणना अभियान : डीसी उत्तम सिंह

 
जनगणना-2027 : गुरुग्राम में 25 जनवरी से शुरू होगा जनसंख्या गणना अभियान : डीसी उत्तम सिंह

10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को मिलेगी ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा, 1 से 5 मार्च तक होगा पुनरीक्षण कार्य

डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, प्रगणक घर-घर जाकर जुटाएंगे परिवारों एवं व्यक्तियों की जानकारी; शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने पर रहेगा जोर

गुरुग्राम,
हरियाणा सरकार द्वारा जनगणना-2027 के दूसरे चरण की जनसंख्या गणना का कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया गया है। इसके तहत गुरुग्राम सहित प्रदेशभर में जनसंख्या गणना का अभियान 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक चलाया जाएगा। इससे पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं, जनसंख्या गणना के उपरांत 1 से 5 मार्च, 2027 तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण (रिवीजनल) दौर आयोजित किया जाएगा।
डीसी उत्तम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित निर्धारित जानकारी एकत्रित करेंगे। इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी, जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन और ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि नागरिक मुख्य जनसंख्या गणना अभियान शुरू होने से पहले घर बैठे स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की सुविधा नागरिकों के लिए एक अतिरिक्त विकल्प है। ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के बाद भी प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। इससे किसी व्यक्ति या परिवार के छूटने अथवा दोहरी गणना की संभावना को कम करने में सहायता मिलेगी।
प्रत्येक व्यक्ति से पूछे जाएंगे निर्धारित 40 प्रश्न
डीसी ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। हरियाणा में जारी प्रशिक्षण संबंधी जानकारी के अनुसार, प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे। इनके माध्यम से जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास तथा अन्य निर्धारित विषयों से संबंधित विवरण संकलित किए जाएंगे। इन आंकड़ों का उपयोग देश एवं प्रदेश में विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की आवश्यकता का आकलन तथा विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी जरूरतों को समझने में किया जाएगा।
डिजिटल प्रणाली से होगा आंकड़ों का संकलन
उत्तम सिंह ने कहा कि जनगणना-2027 में देशव्यापी जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रगणक स्मार्टफोन पर उपलब्ध निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के माध्यम से कार्य की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय और क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी को मजबूत बनाया जाएगा। डिजिटल व्यवस्था से आंकड़ों के संकलन में त्रुटियों को कम करने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी।
गुरुग्राम में व्यापक स्तर पर की जा रही तैयारियां
डीसी ने बताया कि गुरुग्राम जिला में जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जनगणना कार्य के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की तैनाती, गणना ब्लॉकों का निर्धारण तथा आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण मिलेगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया, प्रश्नावली भरने, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, कार्य आवंटन तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में जनगणना के दौरान सभी आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। बहुमंजिला इमारतों, नए विकसित हो रहे सेक्टरों, किराये के मकानों, झुग्गी बस्तियों और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) से भी अपील की कि वे जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
नागरिकों की जानकारी की गोपनीयता सर्वोपरि
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखना सर्वोपरि है। जनगणना अधिनियम, 1948 एवं संबंधित नियमों के तहत निर्धारित प्रावधानों का पालन करते हुए नागरिकों की जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती हैं।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना के दौरान सभी जानकारियां सही एवं सावधानीपूर्वक दर्ज करें तथा घर-घर आने वाले प्रगणकों को पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का आधार बनते हैं।
डीसी ने कहा कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण की सफलता के लिए प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है। जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि गुरुग्राम में प्रत्येक पात्र व्यक्ति एवं परिवार की गणना सुनिश्चित हो तथा आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखते हुए जनगणना का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाए।