कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला बाजार में दुकानदारों से की आत्मीय मुलाकात
डोर टू डोर जाकर दी दीपावली पर्व के उपलक्ष्य पर दी शुभकामनाएं
बरवाला क्षेत्र में विकास कार्य करवाना हमारी मुख्य प्राथमिकता: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
वर्तमान सरकार जनता के कल्याण के लिए समर्पित एक जनकल्याणकारी सरकार
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बरवाला मुख्य बाजार व अन्य प्रमुख क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डोर टू डोर स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बाजार भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सभी व्यापारियों के साथ स्नेहपूर्ण संवाद किया और उनके सुख-समृद्धि व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दुकानदारों को संबोधित करते हुए रणबीर गंगवा ने कहा, "आप सभी का यही प्यार, विश्वास और अपनापन ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। वर्तमान सरकार पूरी तरह से एक जनकल्याण की सरकार है, जो समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने विकास कार्यों पर जोर देते हुए आगे कहा कि बरवाला क्षेत्र में सभी प्रकार के विकास कार्य करवाना हमारी मुख्य प्राथमिकता है। क्षेत्र की जनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण व जन स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से काम कर रहा है।
उन्होंने माँ लक्ष्मी से प्रार्थना करते हुए कामना की कि दीपावली के इस पावन प्रकाश पर्व पर सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार हो और हर घर खुशहाली के दीपों से रोशन रहे। बाजार के व्यापारियों ने भी कैबिनेट मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और इस आत्मीय मुलाकात के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उनके साथ मुख्य रूप से पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे।
