कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बुगाना में 3.19 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की रखी आधारशिला, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं

 
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बुगाना में 3.19 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की रखी आधारशिला, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं

 

लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को गांव बुगाना में विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड बुगाना से रेलवे स्टेशन तक नई सड़क तथा गांव में मुख्य बस स्टैंड से राजकीय विद्यालय तक आईपीबी फिरनी व नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग की परियोजना के तहत बस स्टैंड बुगाना से रेलवे स्टेशन बुगाना तक 2.50 किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 257.72 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

परियोजना के तहत सड़क के विभिन्न हिस्सों में निर्धारित मानकों के अनुसार अर्थवर्क, जीएसबी, डब्ल्यूबीएम और प्रीमिक्स कारपेट का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार रिटेनिंग वॉल, साइड ड्रेन तथा 9 एचपी कल्वर्ट और एक स्पैन टाइप कल्वर्ट का निर्माण भी किया जाएगा। सड़क बनने से बुगाना गांव के लोगों को रेलवे स्टेशन तक बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इसी प्रकार विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा गांव बुगाना में मुख्य बस स्टैंड से राजकीय विद्यालय तक आईपीबी फिरनी व नाला निर्माण का कार्य किया जाएगा। इस कार्य की अनुमानित लागत 61.27 लाख रुपये है और इसे निर्धारित अवधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए जल घर का अतिरिक्त टैंक बनेगा, 3 करोड़ 36 लाख रुपए से आएगी लागत 

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने बताया कि गांव में आपूर्ति में सुधार के लिए जल घर का अतिरिक्त टैंक बनाने के लिए 3 करोड़ 36 लाख रुपए का प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजा गया है, जिसे जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। यह टैंक आईसीसी प्रणाली आधारित होगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी गांव में धानक चौपाल, वाल्मीकि चौपाल, बीसी चौपाल, खेत खलिहान के रास्ते, डी प्लान इत्यादि कार्य करवाए गए हैं। कैबिनेट मंत्री ने गांव के सरपंच द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा करते हुए कहा कि इन पर जल्द ही कार्य आरंभ करवा दिया जाएगा।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

कार्यक्रम के दौरान मंत्री रणबीर गंगवा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क, पेयजल, जल निकासी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क एवं फिरनी जैसी परियोजनाओं से ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ गांव की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी बीपीएल कार्ड परिवार की पात्र महिलाओं व बेटियों को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की ओर से कैबिनेट मंत्री को बल की प्रतीक गदा देकर व सम्मान सूचक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बुगाना सरपंच उषा रानी, सोनू वर्मा, एसडीएम अश्वीर नैन, पार्षद ओ पी मालिया, अजयकांत जांगड़ा, कमल हिंदूजा, कृष्ण यादव सरपंच,  मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष रोशन घनघस, पवन शर्मा, मंडल अध्यक्ष बनवारी लाल, कृष्ण यादव सरपंच, सतवीर नागर सरपंच, रोहतास दुग्गल सरपंच, विजय सरपंच, रमेश सरपंच, पूर्व सरपंच भजनलाल, प्रधान कृष्ण वर्मा आदि उपस्थित थे।