कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने नव चयनित एचसीएस अधिकारी गौरव सबरवाल को दी बधाई
कहा- युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी उनकी सफलता
हिसार,
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने नवचयनित एचसीएस अधिकारी गौरव सबरवाल के निवास स्थान पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने गौरव सबरवाल को इस प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में चयन होने पर हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने गौरव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा सातरोड़ निवासी होनहार युवा गौरव सबरवाल की यह शानदार उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, सच्ची लगन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों का ही सुखद परिणाम है। आज उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से उनके पूरे परिवार, गांव सातरोड़ और संपूर्ण हिसार क्षेत्र का नाम प्रदेश भर में रोशन हुआ है।
युवाओं को मिलेगी नई प्रेरणा:
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गौरव की यह बड़ी उपलब्धि क्षेत्र के उन तमाम अन्य युवाओं के लिए एक मजबूत प्रेरणास्रोत बनेगी, जो प्रशासनिक सेवाओं में जाकर देश की सेवा करने का सपना देखते हैं। उन्होंने गौरव सबरवाल को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देते हुए आशा व्यक्त की कि वे प्रशासनिक सेवा में अपने पद और दायित्वों का पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। वे जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करते हुए देश, प्रदेश और समाज के समग्र विकास में अपना महत्वपूर्ण व बहुमूल्य योगदान देंगे।
इस मुलाकात के दौरान गौरव सबरवाल के परिवार के सदस्य, ग्रामीण और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
