परमधाम-छतरी साहिब मंदिर में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने नवाया शीश, लिया आशीर्वाद

 
परमधाम-छतरी साहिब मंदिर में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने नवाया शीश, लिया आशीर्वाद

संत-महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को सत्य, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने की देती हैं प्रेरणा : डॉ. अरविंद शर्मा

बहादुरगढ़,

हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को झज्जर जिले के पावन छुड़ानी धाम स्थित परमधाम-छतरी साहिब मंदिर में शीश नवाकर सतगुरु कबीर साहिब एवं संत शिरोमणि गरीबदास महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि छुड़ानी धाम हमारी समृद्ध संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। संत कबीर साहिब और संत गरीबदास महाराज की अमृतवाणी मानवता, समानता, भाईचारे और जनसेवा का संदेश देती है। संत-महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संतों के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करना ही सच्ची भक्ति है। हमारी महान संत परंपरा और संस्कार आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सभी का दायित्व है।