झज्जर स्थित नागरिक अस्पताल में ओरल हेल्थ एवं ओरल कैंसर जागरूकता पखवाड़ा आयोजित
झज्जर, 09 सितंबर। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिला झज्जर में 15 सितंबर तक चलाए जा रहे ओरल हेल्थ एवं ओरल कैंसर जागरूकता पखवाड़े के तहत बुधवार को नागरिक अस्पताल झज्जर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को मुंह की स्वच्छता एवं ओरल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप ने कहा कि स्वस्थ मां से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। गर्भावस्था के दौरान भी महिलाओं को दिन में दो बार ब्रश करना चाहिए और मुंह की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. इंद्रा धनखड़ ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से दांतों एवं मसूड़ों की सफाई, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा अत्यधिक मीठे, तंबाकू और अन्य हानिकारक पदार्थों से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि मुंह में लंबे समय से घाव, सफेद या लाल दाग, गांठ अथवा सूजन जैसी समस्या हो तो तुरंत चिकित्सक या डेंटल विशेषज्ञ से जांच करवानी चाहिए।
उन्होंने महिलाओं को मुंह की स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर संस्थान के डॉ. प्रवीण, डॉ. कपिल, डॉ. किरण सहित डेंटल विभाग के चिकित्सकों एवं स्टाफ ने महिलाओं को जागरूक किया।
