*नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ साथ शरीर की देखभाल जरूरी : कप्तान सिंह बिरधाना*
*सेवा मेरा योगदान के तहत छुछकवास पीएचसी में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित*
*स्वास्थ्य कैम्प में 500 से ज्यादा लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया स्वास्थ्य परामर्श*
*झज्जर, 08 अक्टूबर।* जिलाभर में 17 अक्टूबर तक डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर स्वास्थ्य केंद्र छुछकवास में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 500 से ज्यादा नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी।
शिविर का शुभारंभ जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने किया। उप सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और शिविर के उद्देश्य की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। सरकार की ओर से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का सराहनीय प्रयास है।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जानकारी दी गई।
शिविर में एचआईवी/एड्स से बचाव, लक्षणों एवं रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से लोगों को एचआईवी एड्स से संबंधित भ्रांतियों से बचने तथा सही जानकारी अपनाने का संदेश दिया गया।
*यह रहे मौजूद*
इस अवसर पर डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह, एसएमओ डॉ. शिल्पा मेहता, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रिया सुहाग, डॉ. प्रियंका मनचंदा, महाबीर, सरपंच छुछकवास सहित पीएचसी के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
