भिवानी, 8 सितंबर। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ द्वारा हरियाणाा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में 11 सितंबर को भूकंप आने पर बचाव की मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल आयोजान को लेकर एडीसी दीपक बाबू लाल करवा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें मॉक ड्रिल की रूपरेखा तैयार की गई। एडीसी ने अलग-अलग विभागों को उनकी जिम्मेवारी सौंपी। वहीं एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने भूकंप जैसी आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि भूकंप जैसी किसी भी आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए कर्मचारियों और आमजन को पहले से जागरूक एवं प्रशिक्षित करना जरूरी है। उन्होंने ने कहा कि 11 सितंबर को शिक्षा बोर्ड में होने वाली भूकंप से बचाव की मॉक ड्रिल के दौरान सभी संबंधित विभाग अपने-अपने निर्धारित दायित्वों के अनुसार कार्य करें। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभागों की तैयारियों को परखना और कमियों को दूर करना है।
