ओढां व बड़ागुढ़ा में खंड स्तरीय शिविर आयोजित, आमजन को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
सिरसा, 6 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत ओढां व बड़ागुढ़ा स्थित बीडीपीओ कार्यालयों में खंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। बड़ागुढ़ा में आयोजित शिविर में जिलाध्यक्ष भाजपा डबवाली रेणू शर्मा, ओढां में आयोजित हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र सिंह देसूजोधा ने शिरकत की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्यान विभाग, समाज कल्याण विभाग, बिजली निगम, पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कल्याण विभाग, आयुष विभाग, परिवहन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में मार्गदर्शन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डबवाली रेणू शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलती है, जिससे उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्र नागरिकों को योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही आमजन से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
