बीरूवाला गुढ़ा व जगमालवाली में खंड स्तरीय विशेष शिविर आयोजित

 
 बीरूवाला गुढ़ा व जगमालवाली में खंड स्तरीय विशेष शिविर आयोजित


सिरसा, 07 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव बीरूवाला गुढ़ा और जगमालवाली में सेवा सेतू अभियान जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
गांव बीरूवाला गुढ़ा में आयोजित शिविर में पंचायत समिति सदस्य मंदीप कौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समाज कल्याण अधिकारी सुमित्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि खंड स्तरीय शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविरों में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाई गई।
उन्होंने बताया कि शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं तथा पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं से जोडऩे के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं और योजनाओं को आमजन के घर-द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जगमालवाली में आयोजित शिविर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
गांव पन्नीवाला मोटा व रोड़ी में विशेष कैंप 08 अक्टूबर को
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा सेतु अभियान जन कल्याण कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। आठ अक्टूबर को खंड ओढ़ां के गांव पन्नीवाला मोटा तथा खंड बड़ागुढ़ा के गांव रोड़ी में कैंप लगाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 13 अक्टूबर को बीडीपीओ कार्यालय खंड नाथूसरी चौपटा तथा नगर पालिका कालांवाली में कैंप आयोजित होगा। 14 अक्टूबर को खंड नाथूसरी चौपटा के गांव जमाल तथा 15 अक्टूबर को खंड नाथूसरी चौपटा के गांव डिंग में सेवा सेतु अभियान कैंप लगाया जाएगा। इन कैंपों में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सेवा सेतु कैंपों में लाडो लक्ष्मी योजना, पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।