भिवानी की नई सड़क ने पास की थर्ड पार्टी जांच, चार साल तक फर्म की रहेगी जिम्मेदारी

 
भिवानी की नई सड़क ने पास की थर्ड पार्टी जांच, चार साल तक फर्म की रहेगी जिम्मेदारी

भिवानी | लोक निर्माण विभाग द्वारा शहर में तोशाम बाईपास से विश्वकर्मा चौक तक जर्जर हो चुकी सडक़ का नव निर्माण करवाया गया है। लगभग साढ़े चार कि.मी. लबी इस सड़क़ के निर्माण पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। निर्माण सामग्री की जांच के लिए विभाग द्वारा थर्ड पार्टी से भी जांच करवाई जा चुकी है, जो पैमाने पर खरी उतरी है। इसके साथ ही नव निर्मित सडक़ की चार साल तक की जिम्मेवारी फर्म की है। यानि चार साल तक सडक़ में किसी भी प्रकार की क्रेक आती है तो उसकी मरम्मत संबंधित फर्म करेगी। ऐसे में नागरिकों को सडक़ के निर्माण को लेकर किसी भी प्रकार से भ्रमित होने की आवश्यकता नही है।


उल्लेखनीय है कि तोशाम बाई पास से लोहारू रोड़ पर विश्वकर्मा चौक तक सडक़ है, जो कि लोक निर्माण विभाग के अधीन आती है। विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर ने बताया कि इस सडक़ का निर्माण वर्ष 2019 में किया गया था। अक्सर इस बाईपास सडक़ पर भारी वाहन चलते हैं। भारी वाहनों के कारण यह सडक़ क्षतिग्रस्त हो गई थी।


उन्होंने बताया कि वाहन चालकों की सुविधा के लिए विभाग ने इसके नव निर्माण की प्रक्रिया शुरु की और टेंडर प्रक्रिया से इस सडक़ का नव निर्माण करवाया गया। उन्होंने बताया कि विभाग के नियमानुसार चार साल तक सडक़ की जिम्मेवारी निर्माण करने वाली फर्म की है। यदि सडक़ में किसी प्रकार कोई दरार या अन्य किसी प्रकार से क्षतिग्रस्त होती है तो फर्म द्वारा उसको दुरूस्त करवाया जाएगा।


उन्होंने बताया कि सडक़ निर्माण की गुणवत्ता की जांच के लिए थर्ड पार्टी से जांच करवाई जा चुकी है, जो कि गुणवत्ता के पैमाने पर खरी उतरी है। इसके अलावा हिसार से विभागीय क्वालिटी कंट्रोल विंग द्वारा भी जांच के लिए सेंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सडक़ के नव निर्माण के बाद वाहन चालकों को काफी राहत मिली है।