भिवानी-रोहतक NH-709 की हालत से वाहन चालक परेशान:ग्रामीण बोले- एक साल से टूटी पड़ी सड़क
भिवानी-रोहतक नेशनल हाईवे-709 गांव खरक में पिछले कई दिनों से टूटा हुआ होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लोगों ने कहा कि एक साल से यह सड़क टूटी हुई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके अलावा गांव खरक के ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पीने के पानी की भी दिक्कत है। सरकार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही।
गांव खरक कलां निवासी जयवीर सिंह ने कहा कि उनके यहां पीने के पानी की दिक्कत है। इसलिए उन्हें काफी दूर से पानी लेकर आना पड़ता है। चाहे वे सिर पर पानी लाएं या फिर बाइक-साइकिल पर। लेकिन पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। जलघर में किसी प्रकार की सुविधा नहीं है। हैडपंप से पानी लेकर आना पड़ता है। वहीं सड़क पर गंदा पानी आया हुआ है। इसलिए विधायक से अपील है कि वे गांव की समस्या का समाधान करें।
खेत के कच्चे रास्ते से भी बुरा हाल
गांव खरक कलां निवासी विजय सिंह फौजी ने कहा कि ना तो रेलवे स्टेशन ढंग का बना है और रोड का भी बुरा हाल है। यहां तो खेतों के कच्चे रास्ते भी अच्छे हैं। यहां से चलते ही टोल टैक्स वसूल कर लिया जाता है, लेकिन सड़क चलने लायक नहीं है। सरकार द्वारा विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हमें तो विकास दिखाई नहीं दे रहा।
काई नहीं कर रहा समाधान
गांव खरक निवासी सुंदर सिंह ने कहा कि गांव में सबसे बड़ी समस्या पानी की है। वहीं नेशनल हाईवे-709 गांव से होकर गुजरता है। जिस पर टोल भी लिया जा रहा है। जिसका पिछले एक साल से बुरा हाल है। यहां आए दिन तो किसी-ना-किसी वाहन का एक्सीडेंट हो जाता है और खतरा बना रहता है। एक-दो महीने तक गांव में पीने के लिए पानी भी नहीं मिलता। लोग दो-तीन किलोमीटर दूर से पानी भरकर लेकर आते हैं। इन समस्याओं को कई बार उठाया गया है, समितियां भी बनाई गई है। डीसी तक भी इसकी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का आज तक समाधान नहीं हुआ।
